घरेलू विवाद के बाद कुक ने लगाई फांसी, सुबह पेड़ पर मिला शव

Follow Us

दुर्ग। जिले के भिलाई क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की कैंटीन में काम करने वाले एक कुक ने आत्महत्या कर ली। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी अजय प्रजापति BSP के कोक ओवन कैंटीन में कुक के रूप में कार्यरत था। वह कैंटीन सेल प्रभारी जॉर्ज विलियम के सर्वेट क्वार्टर में रहता था। बताया जा रहा है कि, शनिवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिसके बाद उसका पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, अजय गुस्से में घर से बाहर निकल गया। रविवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो उनकी नजर एक पेड़ से लटकते व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि, वह अजय प्रजापति है। घटना की सूचना तुरंत भट्‌टी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल, सुपेला भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।