रायपुर। रबी सीजन 2025 के तहत उद्यानिकी फसलों के लंबित प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम का भुगतान आगामी तीन कार्य दिवस के भीतर किया जाएगा। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने संबंधित विभागीय और बीमा अधिकारियों को पात्र किसानों के बैंक खातों में राशि अंतरित करने के निर्देश दिए हैं। इससे प्रदेश के 8,444 किसानों को करीब 3.8 करोड़ रुपये मिलेंगे।
मंत्री नेताम ने 16 अक्टूबर को अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित बीमा दावों की स्थिति की समीक्षा की। यह मामला 15 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम चिद्दों में किसानों से मुलाकात के दौरान सामने आया था। किसानों ने उद्यानिकी फसलों के बीमा क्लेम का भुगतान नहीं होने की शिकायत की थी। इस पर मंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भुगतान की समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बस्तर आगमन गौरव का अवसर, मुरिया दरबार में होंगी शामिल-मुख्यमंत्री साय
पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों ने टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया था। विभागीय जानकारी के अनुसार, रबी सीजन 2025 में कुल 10,514 किसानों ने 15,298 आवेदन प्रस्तुत किए थे। जांच के बाद 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन स्वीकृत दावों के तहत लगभग 3.8 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है।
मंत्री नेताम ने अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं करने और सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों को निर्धारित समय-सीमा में बीमा राशि उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
