क्या प्लूटो फिर बनेगा ग्रह? 10 साल की बच्ची के खत पर NASA प्रमुख का दिलचस्प जवाब

Follow Us

सौरमंडल के सबसे चर्चित पिंडों में से एक प्लूटो को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। 2006 में इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन (IAU) ने इसे ग्रह की श्रेणी से हटाकर ‘ड्वार्फ प्लेनेट’ घोषित कर दिया था, जिसके बाद से ही इसे दोबारा ग्रह का दर्जा देने की मांग समय-समय पर उठती रही है।

हाल ही में इस बहस को एक भावुक मोड़ तब मिला, जब 10 साल की बच्ची कैला ने NASA को एक पत्र लिखकर प्लूटो को फिर से ग्रह घोषित करने की अपील की। अपने खत में उसने मासूमियत से लिखा कि, प्लूटो पहले ग्रह था, सौरमंडल का हिस्सा है और उसे फिर से ग्रह बनाया जाना चाहिए ताकि लोग खुश हो सकें। कैला ने अपने पत्र में प्लूटो से जुड़े कई वैज्ञानिक तथ्य भी गिनाए-जैसे इसकी खोज 1930 में क्लाइड टॉम्बॉघ ने की थी, यह कुइपर बेल्ट में स्थित है और इसके पांच चंद्रमा हैं। उसने यह भी बताया कि, भले ही इसे ‘ड्वार्फ प्लेनेट’ कहा जाता है, लेकिन यह एक “असली ग्रह” बनने का हकदार है।

इस भावुक अपील पर NASA के प्रशासक जेरेड आइज़ैकमैन ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “हम इस पर विचार कर रहे हैं।” उनका यह जवाब छोटा जरूर था, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। हालांकि वैज्ञानिक दृष्टि से प्लूटो को दोबारा ग्रह घोषित करना आसान नहीं है, क्योंकि इसके लिए तय मापदंडों को पूरा करना जरूरी होता है। फिर भी, इस मासूम खत ने एक बार फिर प्लूटो को लेकर लोगों की भावनाओं और जिज्ञासा को जगा दिया है।