रायपुर। राजधानी रायपुर में थाना मुजगहन क्षेत्र में सेजबहार के पास हुई लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 3 बालकों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा लूट का सामान भी बरामद किया गया है। यह पूरी घटना 08 अप्रैल 2026 की रात करीब 01:30 बजे की है। प्रार्थी भूषण साहू निवासी ग्राम दतरेंगा अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पीछे से दो मोटरसाइकिलों में सवार पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित की बाइक को आगे आकर रोक दिया और लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने बाइक की चाबी निकाल ली और लकड़ी के डंडों से प्रार्थी व उसके साथी के सिर पर हमला किया। हमले के दौरान आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इसी बीच बीच-बचाव करने आईं पीड़ित की भांजियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और उनके साथ गलत नियत से छेड़छाड़ करते हुए उन्हें खींचने का प्रयास किया, जिससे उनके कपड़े फट गए। इसके बाद आरोपियों ने गले में पहनी चैन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 310(2), 74 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल तथा थाना प्रभारी अमित कोसमा के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। इस टीम में थाना मुजगहन, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस शामिल रही।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, पीड़ितों से विस्तृत पूछताछ और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना में शामिल आरोपी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं। मुख्य आरोपी चेतन नामदेव को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके बयान के आधार पर नितिन ध्रुव और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल दो मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा लूट का सामान बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चेतन नामदेव और एक नाबालिग पहले भी वर्ष 2024 में विधानसभा और गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दावा किया है कि शहर में सक्रिय अपराधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।
