किसान सम्मेलन में शामिल होंगे CM विष्णुदेव साय, कई विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

Follow Us

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में 9 अप्रैल को एक बड़े किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत लुण्ड्रा स्थित छत्रपति शिवाजी मिनी स्टेडियम में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। इस सम्मेलन को किसानों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है, जहां कृषि, विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के दौरान सीएम साय जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इसके अलावा सीएम साय सरगुजा के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्थित पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इस मौके पर प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। इस सम्मेलन के जरिए सरकार किसानों से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास करेगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को लाभान्वित करने पर भी जोर रहेगा।