CG Train Update: यात्रियों के लिए बड़ी राहत, रद्द की गई कई ट्रेनें फिर पटरी पर लौटीं

Follow Us

बिलासपुर। गर्मी के मौसम में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल ने पहले निरस्त और आंशिक रूप से निरस्त की गई कई यात्री ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया है। रेलवे के इस फैसले से हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जो पिछले कुछ दिनों से ट्रेनों के रद्द होने के कारण परेशान थे।

दरअसल, अकलतरा रेलवे स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा था। इस तकनीकी काम के चलते कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द या आंशिक रूप से संचालित किया जा रहा था। अब कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने स्थिति को सामान्य करते हुए दर्जनभर से अधिक ट्रेनों को दोबारा शुरू कर दिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बहाल की गई ट्रेनों में रायगढ़–बिलासपुर, बिलासपुर–रायगढ़, रायपुर–गेवरारोड, कोरबा–रायपुर, बिलासपुर–कोरबा और गोंदिया–झारसुगुड़ा रूट की मेमू और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें निर्धारित तिथियों से अपने नियमित समयानुसार चलाई जा रही हैं, जिससे दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और छात्रों को राहत मिलेगी। खासकर मेमू ट्रेनों की बहाली से छोटे स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा।

बहाल की गई प्रमुख ट्रेनें :

68737 (रायगढ़–बिलासपुर) मेमू
68738 (बिलासपुर–रायगढ़) मेमू
68736 (बिलासपुर–रायगढ़) मेमू
68735 (रायगढ़–बिलासपुर) मेमू
68746 (रायपुर–गेवरारोड) मेमू
68745 (गेवरारोड–रायपुर) मेमू
58204 (रायपुर–कोरबा) पैसेंजर
58203 (कोरबा–रायपुर) पैसेंजर
68734 (बिलासपुर–गेवरारोड) मेमू
68733 (गेवरारोड–बिलासपुर) मेमू
68732 (बिलासपुर–कोरबा) मेमू
68731 (कोरबा–बिलासपुर) मेमू
68861 (गोंदिया–झारसुगुड़ा) मेमू
68862 (झारसुगुड़ा–गोंदिया) मेमू

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि, जिन ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या ओरिजिनेट किया गया था, उन्हें भी अब उनके मूल रूट पर बहाल कर दिया गया है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी राहत मिलेगी और यात्रा में लगने वाला अतिरिक्त समय कम होगा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। भविष्य में भी किसी प्रकार के तकनीकी कार्य या बाधा की स्थिति में यात्रियों को समय पर सूचना देने और वैकल्पिक व्यवस्था करने पर जोर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि, गर्मी के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में ट्रेनों की बहाली से भीड़ का दबाव भी कम होगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि, यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें और तय समय पर स्टेशन पहुंचे। इस फैसले के बाद अब बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत अधिकांश रूटों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य हो गई हैं, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सकेगा।