करैत सांप के दंश से 9 वर्षीय मासूम की मौत, इलाज के दौरान सिम्स में तोड़ा दम

Follow Us

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पचरा के खसरिया पारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली शालनी अघरिया सोमवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 2:30 बजे एक जहरीला करैत सांप घर के अंदर घुस आया और सोते समय बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया। कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन तत्काल बच्ची को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिम्स में चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बरसात के मौसम में जहरीले सांपों से सतर्क रहने और सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की अपील की है।