बीजापुर। जिले की भोपालपटनम नगर पंचायत में 62 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि, दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर पार्षदों के साथ मिलकर संदिग्ध तरीके से मांग पत्र तैयार किए और सामग्री खरीदी में नियमों की अनदेखी की। जांच रिपोर्ट के मुताबिक भंडार क्रय प्रक्रिया का पालन किए बिना भुगतान किए गए। इसके अलावा अटल चौक निर्माण कार्य में मद परिवर्तन कर 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग बिना सक्षम अनुमति के किया गया।
मामले में यह भी सामने आया कि, बिना अवकाश स्वीकृति के अग्रिम वेतन आहरण किया गया। शासन ने इन सभी मामलों को गंभीर वित्तीय अनियमितता और सेवा नियमों का उल्लंघन माना है। इसी आधार पर दोनों अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय जगदलपुर स्थित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का क्षेत्रीय कार्यालय तय किया गया है। शासन ने संकेत दिए हैं कि, जांच में और तथ्य सामने आने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इस पूरे मामले ने नगर पंचायत के कार्यों और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
