नई दिल्ली। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि फाइनल में इन दोनों टीमों की यह चौथी भिड़ंत होगी, लेकिन अब तक का इतिहास पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में रहा है।
टी20 विश्व कप के फाइनल में दोनों टीमें इससे पहले तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं और हर बार ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया है। 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में कंगारू टीम ने इंग्लैंड का चैंपियन बनने का सपना तोड़ा था। कुल मिलाकर टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने 4 और इंग्लैंड ने 2 मैच जीते हैं, जबकि 1 मुकाबला बेनतीजा रहा है।
हालांकि इस बार इंग्लैंड का आत्मविश्वास मजबूत नजर आ रहा है, क्योंकि टीम ने घरेलू सरजमीं पर अब तक एक भी टी20 विश्व कप मैच नहीं गंवाया है। इंग्लैंड ने अपने सभी 11 घरेलू मुकाबले जीते हैं और इस बार भी टीम अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है। इंग्लैंड की ओर से डैनी व्याट-हॉज शानदार फॉर्म में हैं, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बना चुकी हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी और कप्तान सोफी मोलिनेक्स टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रही हैं। अब देखना होगा कि क्या इंग्लैंड अपने घरेलू रिकॉर्ड को बरकरार रख पाती है या ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर इतिहास दोहराती है।
