सिजेरियन डिलीवरी के दौरान प्रसूता ने गाया भरथरी गीत, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Follow Us

बालोद । बालोद जिला मुख्यालय स्थित उम्मीद हॉस्पिटल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में सिजेरियन डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाती नजर आ रही हैं। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को भी खासा दिलचस्प लगा और अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक अस्पताल में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल प्रसव के लिए भर्ती हुई थीं। डॉक्टरों ने सिजेरियन डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू की और ऑपरेशन से पहले उन्हें एनेस्थीसिया दिया गया। इसी दौरान हेमलता पटेल ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया।


Read more :- फर्जी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मामलों की होगी त्वरित जांच, विशेष मेडिकल बोर्ड के गठन पर जोर

ऑपरेशन की प्रक्रिया के बीच उनका बेफिक्र होकर गीत गाना वहां मौजूद लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया। किसी ने इस पल का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद तेजी से लोगों तक पहुंच गया।

वीडियो सामने आने के बाद लोग प्रसूता के आत्मविश्वास और छत्तीसगढ़ी लोककला के प्रति उनके लगाव की चर्चा कर रहे हैं। खास बात यह है कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

फिलहाल ऑपरेशन थिएटर में भरथरी गीत गाती प्रसूता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति से जुड़े इस अनोखे पल की खूब चर्चा हो रही है।