मुंबई। बॉलीवुड की दो सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘वेलकम’ और ‘धमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। अक्षय कुमार स्टारर ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को रिलीज होने जा रही है, जबकि अजय देवगन की ‘धमाल 4’ 10 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में दोनों सफल फ्रेंचाइज़ी के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और बजट की तुलना चर्चा का विषय बन गई है। साल 2007 में रिलीज हुई ‘धमाल’ में संजय दत्त, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी मुख्य भूमिकाओं में थे। लगभग 19 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।
इसके बाद 2011 में ‘डबल धमाल’ रिलीज हुई, जिसका बजट करीब 29 करोड़ रुपये था। फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर लगभग 70 करोड़ रुपये की कमाई की। साल 2019 में आई ‘टोटल धमाल’ में अजय देवगन, अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की एंट्री हुई। करीब 113 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 227 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। अब ‘धमाल 4’ से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी नजर आएंगे। हालांकि इस बार अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। साल 2007 में रिलीज हुई ‘वेलकम’ में अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, अनिल कपूर, कैटरीना कैफ और परेश रावल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था। करीब 48 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 119 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इसके बाद 2015 में ‘वेलकम बैक’ रिलीज हुई, जिसमें अक्षय कुमार की जगह जॉन अब्राहम नजर आए। लगभग 108 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 168 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अब ‘वेलकम टू द जंगल’ के जरिए अक्षय कुमार फ्रेंचाइज़ी में वापसी कर रहे हैं। हालांकि इस बार दर्शक मजनू भाई और उदय भाई की मशहूर जोड़ी, यानी अनिल कपूर और नाना पाटेकर को मिस करेंगे। फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है, जबकि पहले दो भागों का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘धमाल’ फ्रेंचाइज़ी की ‘टोटल धमाल’ अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही है। वहीं ‘वेलकम’ सीरीज़ अपनी यादगार कॉमेडी और लोकप्रिय किरदारों के लिए जानी जाती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ में से कौन सी फिल्म दर्शकों का ज्यादा मनोरंजन करती है और बॉक्स ऑफिस पर बाजी मारती है।
