रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख एक बार फिर अचानक बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को तेज़ हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। हालांकि, मौसम के इस बदलाव ने कई जगहों पर परेशानी भी खड़ी कर दी। तेज़ अंधड़ के कारण कुछ इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, वहीं कई स्थानों पर देर रात बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा। कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण तथा पूर्वी राजस्थान से झारखंड तक फैली द्रोणिका के कारण यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है। इन प्रणालियों का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, आने वाले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ का मौसम राहत और खतरे- दोनों के संकेत दे रहा है।
