छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, गर्मी बढ़ेगी लेकिन जल्द होगी बारिश की दस्तक

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो जाएगी। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 24 अप्रैल से 27 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। हालांकि 26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है और कुछ हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि, एक द्रोणिका और हवा के दबाव में बदलाव के कारण मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहने से धूप और गर्म हवाएं और अधिक प्रभाव डालेंगी। फिलहाल प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा, लेकिन 2 दिन बाद बारिश की संभावना से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।