अतिक्रमण हटाने के दौरान ग्रामीण ने खाया जहर हालत गंभीर

Follow Us

धमतरी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पीड़ित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरा मामला मगरलोड विकासखंड के ग्राम छीपली का है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चम्पा लाल साहू ने मौके पर ही जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पीड़ित पक्ष और परिजनों ने प्रशासन पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई स्थानों पर अतिक्रमण है, लेकिन प्रशासन ने केवल दो परिवारों को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की है, जबकि अन्य अतिक्रमणकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है। तहसीलदार मगरलोड देवेंद्र भारद्वाज द्वारा अतिक्रमण से संबंधित सामग्री को अन्यत्र ले जाने के निर्देश थे पीड़ित पक्ष में आक्रोश है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नभ सिंह कोसले के निर्देश पर सामग्री के स्थानांतरण की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर मुस्तैद हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं जहर सेवन की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।