कोरबा। शहर के चर्चित न्यू दिल्ली स्वीट्स के निहारिका ब्रांच से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दुकान की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर होटल के बर्तन बाथरूम में धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने यह वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद नियमित ग्राहकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया गया कि वीडियो को लेकर होटल कर्मचारियों से सवाल किए जाने पर उन्होंने इसे आपात स्थिति में बर्तन धोने की व्यवस्था बताया। हालांकि, खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तनों की सफाई के दौरान निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मिठाई दुकान को नोटिस जारी कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
न्यू दिल्ली स्वीट्स की शहर में तीन शाखाएं संचालित होने की जानकारी दी गई है, जिनमें मुख्य शाखा टीपी नगर और निहारिका तथा पावर हाउस रोड में मिनी ब्रांच शामिल हैं। प्रतिष्ठान लंबे समय से मिठाइयों की गुणवत्ता और वैरायटी के लिए ग्राहकों के बीच जाना जाता है। ऐसे में निहारिका ब्रांच से सामने आए वीडियो ने खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग की जांच में क्या सामने आता है और यदि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो प्रतिष्ठान के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
