उत्तर प्रदेश। प्रतापगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए मंदिर परिसर में बाइक स्टंट करना एक दंपति को भारी पड़ गया। बेहला देवी मंदिर घाट पर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कंधई निवासी राजपथ पटेल मंदिर घाट परिसर में मोटरसाइकिल के साथ स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें बाइक उठाकर करतब दिखाते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनकी पत्नी रेखा भी स्टंट का हिस्सा बनती नजर आती हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के उद्देश्य से शूट किया गया था। मंदिर परिसर जैसे सार्वजनिक और धार्मिक स्थल पर किए गए इस स्टंट को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। वीडियो वायरल होने के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
पुलिस ने राजपथ पटेल के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं उनकी पत्नी रेखा पर BNSS की धारा 126 और 135 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए यातायात नियमों और सार्वजनिक सुरक्षा की अनदेखी न करें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल करने वालों की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि आसपास मौजूद लोगों और सार्वजनिक संपत्ति के लिए भी जोखिम पैदा करते हैं।
