पुलिस प्रताड़ना के आरोप से नाराज युवक पानी टंकी पर चढ़ा, न्याय नहीं मिलने पर दी आत्महत्या की चेतावनी

Follow Us

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी देने लगा। युवक ने पुलिस पर प्रताड़ना, मारपीट और रुपये लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।जानकारी के अनुसार, नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंगलवार को उन्हें सिरली गांव के पास से पकड़कर थाने लाया गया, जहां कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उनसे 23,500 रुपये ले लिए गए।

इसी मामले से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। लगातार बारिश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और न्याय की मांग पर अड़ा रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।वहीं, हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों युवकों के खिलाफ जुआ गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी। उन्होंने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। घटना के बाद ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। साथ ही अनवर अली नामक युवक के चार दिनों से घर नहीं लौटने का मामला भी उठाया गया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।