रायपुर में मारपीट, वाहन दुर्घटना, बाइक चोरी और नशीली सिरप के मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर । राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, सड़क दुर्घटना, वाहन चोरी और प्रतिबंधित नशीली सिरप रखने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने संबंधित मामलों में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है

० गार्ड से मारपीट कर जान से मारने की धमकी

दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के गोकुल धाम रेसिडेंसी, महादेव घाट में गार्ड रमेश जबसी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, गेट पर प्रवेश की अनुमति देने के लिए कहने पर आरोपी राकेश चंद्रवंशी और उसके तीन अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

० बस की टक्कर से घायल, इलाज के पैसे मांगने पर मारपीट

आमानाका थाना क्षेत्र में खारून नदी पुल के पास चंदनडीह में बस की टक्कर से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार भारती के अनुसार, बस चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें चोट आई। इलाज के लिए पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।

० बस को टक्कर मारकर किया क्षतिग्रस्त, चालक से मारपीट

आमानाका थाना क्षेत्र के खारून नदी पुल के पास ही एक अन्य घटना में मोहम्मद शकील की बस को मोटरसाइकिल चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि इसके बाद चालक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

० न्यायालय परिसर के गेट से बाइक चोरी

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायतकर्ता नवीन सिंह की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 पीएच 0237 की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।

० प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

तेलीबांधा थाना पुलिस ने लाभांडी के ब्रह्मदेव नगर स्थित विनायक मेडिकल के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली सिरप जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट और क्लोरफेनिरामाइन मैलिएट युक्त कफ सिरप की 20 नग तथा ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड की 12 नग सिरप बरामद की गई। जब्त सामग्री की कीमत 5,720 रुपये बताई गई है। मामले में धीरज कुमार दुबे और निरंजन कुमार दुबे सहित एक अन्य आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।