अवैध शराब पर बवाल: नेताओं की चेतावनी- कार्रवाई नहीं हुई तो हर दुकान में बिकेगी शराब

Follow Us

मुंगेली। जिले के जरहागांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुलिस थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि, क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब कारोबार चल रहा है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि, यदि प्रशासन अवैध बिक्री रोकने में असफल रहता है, तो फिर छोटे दुकानदारों और पान ठेलों को भी शराब बेचने की अनुमति दे दी जाए। उनका कहना है कि कानून का पालन सभी के लिए बराबर होना चाहिए।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब शराब दुकानों के संचालन पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। आरोप है कि, देशी और विदेशी शराब दुकानों में आने वाली शराब पहले कथित “कोचियों” को दी जाती है, जो बाद में इसे ज्यादा कीमत पर बेचते हैं। बताया गया कि 80 रुपये की शराब 120 से 150 रुपये तक में बेची जा रही है। कुछ जनप्रतिनिधियों ने यह भी दावा किया कि, कोचियों के लिए अलग व्यवस्था और अलग दरवाजे से सप्लाई की जाती है। हालांकि दुकान सुपरवाइजर रमेश साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि, शासन की नीति के तहत एक व्यक्ति को तय सीमा तक शराब देना नियम के अनुसार है। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग ने मामले की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।