Update : मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर भीषण हादसा, पेड़ से टकराई बस; 6 यात्रियों की मौत, 20 घायल

Follow Us

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने केल्हारी अस्पताल पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की। पूर्व विधायक गुलाब कमरो भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में जुटी हैं।