रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज सीएम विष्णु देव साय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रायपुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने अम्बेडकर चौक पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सफाई कर्मियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को शाल-श्रीफल भेंट कर मेडिकल किट भी प्रदान की।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया बताया जा रहा है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ऑक्सीजोन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से भी संवाद किया। गौरतलब है कि गिरिराज सिंह 12 जून से छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर में हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।
