छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसे: दंतेवाड़ा में दो घायल, कोरबा में बाइक सवार की मौत

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और कोरबा जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे गीदम-जगदलपुर मार्ग पर जवांगा के पास मेटाडोर और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

वहीं, कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बालको निवासी 35 वर्षीय सुनील गुप्ता के रूप में हुई है, जो नगर निगम में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति अपना ठेला टीपी नगर से बुधवारी की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक चला रहे सुनील गुप्ता का वाहन ठेले से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।