बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। परिवार पहले से ही दादा के निधन के दुख से उबर नहीं पाया था, और अब दोनों बच्चों की मौत ने घर में मातम और गहरा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे अपने साथी के साथ गांव के नए तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ मौजूद बच्चे ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।परिजनों ने बताया कि रविवार को बच्चों के दादा का दशकर्म कार्यक्रम होना था। उनके पिता दिल्ली से परिवार सहित इसी कार्यक्रम में शामिल होने गांव लौटे थे। दादा के निधन के कुछ ही दिनों बाद दोनों मासूम भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
