सीबीएसई का बड़ा एक्शन: री-इवैल्यूएशन से हटाया OnMark पोर्टल, साइबर हमले की साजिश के बाद खुद संभाली कमान

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन को लेकर एक बेहद सख्त और बड़ा फैसला किया है। बोर्ड ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और गड़बड़ियों के विवाद के बाद ‘Coempt Edu Teck’ के ‘OnMark’ पोर्टल को री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से पूरी तरह हटा दिया है। अब कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन की यह संवेदनशील प्रक्रिया पूरी तरह से CBSE के अपने इन-हाउस सुरक्षित सर्वर और पोर्टल पर की जाएगी, जिसके अगले हफ्ते से शुरू होने की उम्मीद है।

इस साल करीब एक करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं की डिजिटल जांच इसी OnMark पोर्टल के जरिए की गई थी, जिसके बाद छात्रों ने मूल्यांकन में कमियों और तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसी बीच बोर्ड के री-इवैल्यूएशन पोर्टल को बाधित करने और डेटा में अनधिकृत सेंध लगाने की एक बड़ी साइबर साजिश का भी खुलासा हुआ है। CBSE के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में पोर्टल पर कई समन्वित साइबर हमले (Cyber Attacks) किए गए, जिन्हें समय रहते नाकाम कर दिया गया। डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा संबंधी सभी संवेदनशील रिकॉर्ड सीधे CBSE के सर्वर पर ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इस पूरे मामले में सॉफ्टवेयर और तकनीकी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए IIT कानपुर और IIT मद्रास के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम बोर्ड की मदद कर रही है।