कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में एनएच-43 पर जमगहना मोड़ के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो अर्टिगा कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, पांच घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि, दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक अर्टिगा पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के CMHO का बोर्ड भी लगा हुआ था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं एक ही दिन में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
