आईटी शेयरों में भूचाल! बाजार खुलते ही 6% तक गिरावट, जानें क्यों घबराए निवेशक

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को आईटी सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। बाजार खुलते ही निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 6.5 फीसदी तक फिसल गया, जबकि निफ्टी-50 में भी दबाव नजर आया। आईटी कंपनियों के शेयरों में अचानक आई गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

इस गिरावट की बड़ी वजह ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े कमजोर संकेत माने जा रहे हैं। अमेरिकी टेक कंपनी एक्सेंचर ने अपने सालाना रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान को घटा दिया है। कंपनी के कमजोर आउटलुक के बाद निवेशकों को आशंका है कि, दुनियाभर में आईटी सेवाओं की मांग धीमी हो सकती है। इसका सीधा असर भारतीय आईटी दिग्गजों पर पड़ा। इन्फोसिस के शेयरों में करीब 8 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, एचसीएलटेक और अन्य आईटी कंपनियों के शेयर भी दबाव में रहे।

अमेरिकी बाजार में भी टेक शेयरों पर असर दिखा। एक्सेंचर के शेयरों में तेज गिरावट के बाद अन्य टेक कंपनियों में भी बिकवाली बढ़ी। कंपनी ने मध्य पूर्व तनाव से कारोबार पर असर पड़ने की बात कही है। हालांकि, एक्सेंचर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड और डेटा सेवाओं में निवेश जारी रखने की योजना बताई है। फिलहाल निवेशक वैश्विक आईटी मांग और कंपनियों के अगले नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं।