अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर रायपुर में श्रद्धांजलि सभा

Follow Us

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्यजनों ने प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

रायपुर । पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जोन क्रमांक 10 के सहयोग से फुण्डहर चौक स्थित अटल परिसर में अटलजी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने अटलजी को सादर नमन किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार, खेम कुमार सेन, जोन-10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, पार्षद मोहन साहू, एल्डरमैन विक्रम सिंह ठाकुर, राजू राघवानी, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, सामाजिक कार्यकर्ता छगनलाल मूंदड़ा, मंडल अध्यक्ष भीमवंत निषाद सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अटलजी ने भारत को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया : मोतीलाल साहू
रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण करवाकर भारत को विश्व की परमाणु शक्तियों की कतार में मजबूती से स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अटलजी के प्रयासों से बिना संघर्ष छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अटलजी को युगों-युगों तक सम्मान के साथ स्मरण करती रहेगी।

अटलजी जैसी राजनीतिक शुचिता दुर्लभ : मीनल चौबे
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति के क्षेत्र में सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अटलजी जैसी राजनीतिक शुचिता का उदाहरण मिलना दुर्लभ है और उनका जीवन सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वालों के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटलजी की देन : सूर्यकान्त राठौड़
नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों को अपने राज्य के नाम के सामने ‘छत्तीसगढ़Ó लिखने का सौभाग्य अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। उन्होंने कहा कि अटलजी ने रायपुर में छत्तीसगढ़वासियों से किया राजनीतिक वादा केन्द्र में सरकार बनने के बाद पूरा किया और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया।
कार्यक्रम का संचालन नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जोन-10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी ने किया।

अवंति विहार में भी अटलजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि
इसी क्रम में नगर निगम जोन-3 क्षेत्र के अवंति विहार कॉलोनी स्थित एटीएम चौक में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष भी पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, एल्डरमैन राजू राघवानी, पूर्व पार्षद सीमा साहू और सामाजिक कार्यकर्ता मनोज राठी सहित गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने अटलजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में जोन-3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।