साइबर ठगी से बचाव के लिए सरगुजा पुलिस ने छेड़ा जागरूकता अभियान, पुलिसकर्मियों ने ली ‘जागरूकता की एक सेल्फी’

Follow Us

० 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सात सप्ताह में अलग-अलग साइबर सुरक्षा विषयों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के आह्वान पर सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर जागृति अभियान शुरू किया है। प्रदेशभर में चलने वाला यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। अभियान में सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 16 अगस्त को पुलिस लाइन अंबिकापुर के सभाकक्ष में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही अभियान की थीम ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ के तहत क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।


Read more :- भूपेश बघेल की चुप्पी पर अजय चंद्राकर का तंज, बोले- ‘जूता चोरी हुआ तो नया दे देंगे’


प्रेसवार्ता के जरिए अभियान की हुई शुरुआत
सरगुजा पुलिस ने 14 अगस्त को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में प्रेसवार्ता आयोजित कर अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों से अवगत कराकर उन्हें डिजिटल रूप से अधिक सतर्क बनाना है।

हर सप्ताह अलग विषय पर होगी जागरूकता
सात सप्ताह तक चलने वाले अभियान में प्रत्येक सप्ताह साइबर सुरक्षा से जुड़े अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम होंगे। इनमें डिजिटल सुरक्षा, वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग, जॉब फ्रॉड, फिशिंग, डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल जैसे विषय शामिल हैं।
ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में साइबर चौपाल आयोजित कर लोगों को ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल तथा सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी।


Read more :- वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 195वीं जयंती पर किया गया भावपूर्ण स्मरण


अलग-अलग वर्गों तक पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश
सरगुजा पुलिस द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों से जुड़े लोगों, श्रमिकों तथा ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के नागरिकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश भी दिया जाएगा।

क्यूआर कोड के जरिए लोगों को अभियान से जोड़ा
अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए सरगुजा पुलिस ने इसका लोगो और क्यूआर कोड भी जारी किया है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश के साथ सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर सकते हैं। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

पुलिसकर्मियों ने भी ली ‘जागरूकता की एक सेल्फी’
डीआईजी/एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया और क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों से अभियान का संदेश अपने परिवार, रिश्तेदारों और आम नागरिकों तक पहुंचाने की अपील की गई, ताकि साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन में साइबर सेल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।