कोरबा/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना ने अचानक मोड़ ले लिया, जब पिकअप वाहन चुराकर भाग रहे चोर हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद वे वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, चोरों ने एक कोयला व्यवसायी के घर के बाहर खड़े कैम्पर वाहन को निशाना बनाया। देर रात उन्होंने वाहन स्टार्ट किया और तेज रफ्तार में भागने लगे। लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन मालिक लक्ष्मी दस ने बताया कि रात में ड्राइवर वाहन खड़ा कर घर चला गया था। सुबह करीब 7 बजे जब वह चाबी लेने पहुंचा, तो वाहन गायब मिला। तलाश करने पर घर से थोड़ी दूरी पर, नर्सरी के पास जंगल में गाड़ी पेड़ से टकराई हुई मिली। मौके पर खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हादसे में चोर घायल हो गए होंगे और उसी हालत में वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले गुरुद्वारा परिसर स्थित एक कपड़ा दुकान में भी चोरी हुई थी, जबकि इससे पहले भी अन्य दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
पिकअप चोरी कर भाग रहे चोर हादसे का शिकार, पेड़ से टकराई गाड़ी छोड़कर फरार
