कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्था पुरवा गांव में एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार ट्रेनर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान ट्विन इंजन वाला था। बताया जा रहा है कि विमान उड़ान पर था, इसी दौरान अचानक उसमें तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद विमान अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते जमीन पर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके।
ट्रेनर और ट्रेनी पायलट की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुजरात निवासी सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी के तौर पर हुई है। सचिन भाटिया ट्रेनर के रूप में विमान में मौजूद थे, जबकि अभिषेक पुजारी ट्रेनिंग ले रहे थे।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में सुबह एक ही परिवार के चार लोगों ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर जान
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम
विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। हादसे के बाद आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई के साथ घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी गई है।
विमान क्रैश की वजह का पता लगाने में जुटी जांच टीम
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उड़ान के दौरान विमान में धमाका किस वजह से हुआ और इसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त कैसे हुआ। पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
