राजधानी में दर्दनाक त्रासदी: बेटे और पत्नी को खोने के बाद सराफा कारोबारी ने भी दी जान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जोड़कर देख रही है। बताया जा रहा है कि, करीब एक साल पहले कारोबारी की पत्नी सोना सोनी ने भी आत्महत्या कर ली थी। उससे पहले परिवार के 12 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया था।

जानकारी के अनुसार प्रवाल सोनी की पुरानी बस्ती क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में लगातार तनाव का माहौल बना रहा। कुछ दिनों बाद पत्नी का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला था। उस समय मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं और मायके पक्ष ने गंभीर आरोप भी लगाए थे। पुलिस को तब एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें महिला ने बेटे के पास जाने की बात लिखी थी। अब एक साल बाद प्रवाल सोनी की आत्महत्या ने इस पूरे परिवार की त्रासदी को फिर सामने ला दिया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल रायपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।