बहामास। कैरेबियाई देश बहामास में शुक्रवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। राजधानी नासाउ से सैन एंड्रोस के लिए उड़ान भरने वाला फ्लेमिंगो एयर का सेसना 402 विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद नॉर्थ एंड्रोस के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में अचानक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट विमान पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान का मलबा जंगल में दूर-दूर तक बिखरा मिला। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन किसी भी यात्री को बचाया नहीं जा सका।
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्रालय ने एहतियात के तौर पर फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह हादसा ऐसे समय हुआ जब बहामास आजादी की 53वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा था। प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि खुशियों का यह दिन एक बड़ी त्रासदी में बदल गया है। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
