रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात थाना टाटीबंध और थाना आमानाका की संयुक्त टीम ने हीरापुर मार्ग, बिलासपुर रोड और टाटीबंध चौक के आसपास विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क पर यातायात बाधित करने और नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रक एवं ट्रेलरों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 25 ई-चालान जारी किए गए। वहीं, 3 भारी वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना आमानाका भेजा गया, जहां उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क पर अनधिकृत पार्किंग नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराया जा सके।


