ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का दिल्ली मार्च, शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा सख्त; जेसीबी-क्रेन के साथ पुलिस तैनात

Follow Us

नई दिल्ली। भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में कई किसान संगठनों ने मंगलवार को दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसानों के मार्च को देखते हुए पंजाब-हरियाणा सीमा के शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने किसानों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए भारी बैरिकेडिंग की है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इसे देखते हुए घग्गर पुल समेत कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौके पर जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनें भी तैनात की गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर हालात को संभाला जा सके। हालांकि, फिलहाल नेशनल हाईवे-44 पर यातायात जारी है।

किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के किसान ‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत दिल्ली पहुंचेंगे। किसान संगठनों का दावा है कि व्यापार समझौते के तहत सस्ते कृषि उत्पादों के आयात से किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से समझौते पर पुनर्विचार करने और कृषि हितों की सुरक्षा की मांग की है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है।