नेपाल का बड़ा फैसला: सिक्के से हटेगा विवादित नक्शा, अब दिखेगी प्राचीन बौद्ध मठ की तस्वीर

Follow Us

काठमांडू। नेपाल सरकार ने एक रुपये के नए सिक्के को लेकर बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। नए डिजाइन वाले सिक्के से लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को दर्शाने वाला विवादित राजनीतिक नक्शा हटाया जाएगा। इस कदम को नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, नेपाल मंत्रिपरिषद ने नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) के नए डिजाइन वाले एक रुपये और दो रुपये के सिक्के जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। नए सिक्के का आकार पहले की तुलना में छोटा और हल्का होगा, जिसके कारण उस पर पूरा राजनीतिक नक्शा शामिल नहीं किया जाएगा।

इसके स्थान पर सिक्के पर प्राचीन लो ग्याकर बौद्ध मठ की तस्वीर लगाने का फैसला किया गया है। इससे पहले साल 2020 में तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार ने नया राजनीतिक नक्शा जारी किया था, जिसमें लिम्पियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख को नेपाल का हिस्सा बताया गया था। इस फैसले के बाद भारत और नेपाल के रिश्तों में तनाव भी देखने को मिला था। अब नए सिक्के के डिजाइन में बदलाव को नेपाल के रुख में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सीमा विवाद से जुड़े मुद्दे अभी भी दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।