8 अगस्त को रिलीज होगा ‘Toxic’ का ट्रेलर, नए पोस्टर में दिखा Yash का दमदार अंदाज

Follow Us

मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ (Toxic) को लेकर फैंस का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। यश ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा किया है। पोस्टर में वह हाथ में गन लिए बारिश के बीच खड़े नजर आ रहे हैं। सिर पर टोपी और पीछे से आती तेज रोशनी की वजह से उनका चेहरा पूरी तरह दिखाई नहीं देता, जिससे उनके किरदार का रहस्य बरकरार रखा गया है। पोस्टर फिल्म के डार्क और इंटेंस माहौल की झलक देता है।

पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘8.8.26’ लिखा गया है, जो ट्रेलर रिलीज की तारीख की ओर इशारा करता है। पोस्ट शेयर करते हुए यश ने लिखा, “उलटी गिनती शुरू हो गई है। ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज होगा।” इसके बाद से सोशल मीडिया पर पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि यश की पिछली फिल्मों की तरह यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर सकती है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास ने किया है।