तिरुपति बालाजी में टूटा आस्था का रिकॉर्ड: एक ही दिन में 94 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Follow Us

तिरुपति। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी (तिरुपति बालाजी) मंदिर में आस्था का एक नया और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) द्वारा आम भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के चलते 22 मई को रिकॉर्ड तोड़ 94,758 श्रद्धालुओं ने भगवान के पवित्र दर्शन किए। यह अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है क्योंकि आमतौर पर शुक्रवार को विशेष पूजा-पाठ के कारण आम भक्तों को दर्शन के लिए बहुत कम समय मिल पाता है।

इस बार टीटीडी प्रशासन ने सर्व दर्शन (आम दर्शन) की लाइन को लगातार चालू रखा। यहाँ तक कि सुबह होने वाले भगवान के विशेष अभिषेक के दौरान भी वीआईपी व्यवस्था के बजाय 5,850 अतिरिक्त आम भक्तों को गर्भगृह में जाने का अवसर मिला। उस दिन आम जनता के लिए 17 घंटे से भी ज़्यादा का समय दर्शन के लिए तय किया गया था। इस महीने यह चौथा ऐसा मौका है जब एक ही दिन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 90,000 के पार पहुंचा है।

इस पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए टीटीडी ने अपने अत्याधुनिक ‘इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ (ICCC) की तकनीक का सहारा लिया। इसके जरिए प्रशासन पैदल रास्तों, वाहनों और होल्डिंग कम्पार्टमेंट में भक्तों की संख्या पर पल-पल नजर रखता है। भगवान विष्णु के अवतार माने जाने वाले श्री वेंकटेश्वर स्वामी का यह मंदिर अपने रहस्यों और चमत्कारों के लिए जाना जाता है, जहाँ हर साल करोड़ों लोग सुख-समृद्धि की कामना के लिए आते हैं।