बलौदाबाजार । बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के मोगा से तीन शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपये कीमत की वर्ना कार और चोरी में इस्तेमाल किए गए हथियारनुमा औजार बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात लवन रोड स्थित एक कृषि यंत्र रिपेयरिंग दुकान के बाहर खड़ी वर्ना कार क्रमांक CG 09 JL 2169 को निशाना बनाया था। बताया गया कि आरोपी दुकान में काम करने के बहाने पहले से कार मालिक की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
वारदात की रात आरोपियों ने लोहे की भारी रॉड और हथौड़े से कार के पहियों व बॉडी में लगी सांकल-ताला तोड़ा। इसके बाद कार के लॉक और इग्निशन से छेड़छाड़ कर उसे कुछ ही मिनटों में स्टार्ट किया और लेकर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की कार को बिलासपुर, प्रयागराज और दिल्ली के रास्ते पंजाब ले गए। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने रास्ते में अपने मोबाइल फोन तक बेच दिए, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।
सीसीटीवी से मिली पहली सुराग, साइबर सेल ने ट्रेस की लोकेशन
कार चोरी की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले संदिग्धों की तस्वीरों के आधार पर साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की।पुलिस के अनुसार, डिजिटल फॉरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण के जरिए सैकड़ों संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की गई। लगातार बदल रही लोकेशन का पीछा करते हुए टीम आरोपियों तक पहुंची और उनकी लोकेशन छत्तीसगढ़ से करीब 1500 किलोमीटर दूर पंजाब के मोगा में मिली।
रिश्ता टूटने से हताश डॉक्टर ने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर किया आत्महत्या
मोगा में बिछाया जाल, कार बेचने पहुंचे तो दबोचे गए
लोकेशन की पुष्टि होने के बाद बलौदाबाजार पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम तत्काल पंजाब रवाना हुई। मोगा पुलिस के सहयोग से स्थानीय मंडी क्षेत्र में घेराबंदी की गई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की वर्ना कार का ग्राहक तलाशने जीरा रोड नई मंडी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। आरोपियों को पंजाब की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया गया है। अब उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वर्ना कार CG 09 JL 2169, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये है, बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के हथौड़े और एक लोहे की रॉड भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में पंजाब के मोगा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गोविंदा पिता रंजीत सिंह (33), रमन कुमार पिता मंगलदास (42) और सुखप्रीत सिंह पिता दिलदार सिंह शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
