रिश्ता टूटने से हताश डॉक्टर ने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर किया आत्महत्या

Follow Us

कोरबा । शादी के लिए चर्च में आवेदन देने के महज 18 दिन बाद रिश्ता टूटने से कथित तौर पर हताश एक डॉक्टर ने अपने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सुबह ड्यूटी के लिए चिकित्सक के अस्पताल नहीं पहुंचने पर कर्मचारियों ने उनके क्वार्टर में जाकर आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे से लटका मिला। उनके हाथ पर ब्लेड से कटने के निशान भी पाए गए हैं।

पुलिया तैयार, रास्ता बंद! दो माह से हजारों लोग परेशान, अरुण वोरा ने कलेक्टर से पूछा—आखिर कब खुलेगा मार्ग

जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय डॉ. एल्विन कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ थे और मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने कोयंबटूर से चिकित्सा की पढ़ाई पूरी की थी और करीब एक साल पहले कोरबा में पदस्थ हुए थे। बताया जा रहा है कि कोयंबटूर निवासी एक युवती के साथ उनका करीब दो साल से संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में 12 अगस्त को चर्च में विवाह के लिए आवेदन भी दिया गया था। बताया जा रहा है कि बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। इसके बाद डॉ. एल्विन मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उन्होंने घटना से करीब तीन दिन पहले अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। माता-पिता के कोरबा पहुंचने के बाद उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली। सुबह अस्पताल में चिकित्सक के नहीं पहुंचने पर कर्मचारियों ने उनके स्टाफ क्वार्टर में जाकर जानकारी लेने का प्रयास किया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। बाथरूम में डॉ. एल्विन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।