ईरान पर मंडराया अमेरिकी हमले का खतरा: इवांका की हत्या की साजिश के बाद भड़के ट्रंप, रद्द किए सारे दौरे, पेंटागन में युद्ध की तैयारी

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जिससे कभी भी युद्ध छिड़ने की आशंका गहरा गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद व्हाइट हाउस से लेकर पेंटागन तक हलचल तेज हो गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सभी सरकारी और निजी दौरे रद्द कर दिए हैं। यहाँ तक कि उन्होंने अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में जाने का कार्यक्रम भी टाल दिया है और ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा है कि देश की परिस्थितियों के कारण उनका इस वक्त व्हाइट हाउस में रहना बेहद जरूरी है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और सीआईए (CIA) डायरेक्टर के साथ व्हाइट हाउस में एक हाई-लेवल इमरजेंसी मीटिंग की है। यही नहीं, अमेरिकी सेना के कई जवानों की छुट्टियां तक रद्द कर दी गई हैं। तनाव तब और बढ़ गया जब ट्रंप के करीबी सलाहकार ने सोशल मीडिया पर ‘B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स’ लड़ाकू विमानों का एक वीडियो शेयर किया। जानकारों का मानना है कि पिछली बार भी ऐसा ही वीडियो सामने आने के ठीक अगले दिन ईरान पर हमला हुआ था।

इस पूरे बवाल की जड़ में इराकी नागरिक और IRGC का प्रशिक्षित आतंकी मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी है, जिसे इवांका ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित घर के ब्लूप्रिंट के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह 6 साल पहले अमेरिकी हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था। इस बड़े खुलासे के बाद अब अमेरिका ईरान पर किसी भी वक्त बड़ा पलटवार कर सकता है।