नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप और पसीने से हर कोई बेहाल होने लगता है। इस मौसम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई कुछ ठंडा और रिफ्रेशिंग तलाशता है। बाजार की मिलावटी और केमिकल वाली आइसक्रीम खिलाने के बजाय, इस बार आप घर पर ही शुद्ध और स्वादिष्ट ‘ऑरेंज कैंडी आइसक्रीम’ ट्राई कर सकते हैं। संतरा न केवल शरीर को अंदर से ठंडा रखता है, बल्कि इसमें मौजूद विटामिन-सी इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाता है। इसे बनाने के लिए आपको बस एक कप संतरे का रस, एक चौथाई कप चीनी पाउडर (या शहद), आधा कप दूध, एक चौथाई कप मलाई, थोड़ा सा पानी, इलायची पाउडर, नींबू का रस, संतरे के कुछ टुकड़े और गार्निशिंग के लिए काजू-किशमिश की जरूरत होगी।
इसे बनाने की शुरुआत बेहद आसान है। सबसे पहले एक पैन में पानी और चीनी का घोल बनाकर एक मिनट पकाएं, फिर इसमें संतरे का रस मिलाकर 5 से 10 मिनट उबालें और ठंडा होने दें। एक अलग बर्तन में दूध, मलाई, नींबू का रस और संतरे के टुकड़ों को अच्छी तरह फेंट लें। जब संतरे का सिरप पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और दूध-मलाई का मिश्रण मिला दें। अब इस मखमली मिक्चर को एक एयर-टाइट कंटेनर या कुल्फी मोल्ड में डालकर 5-6 घंटे के लिए फ्रीजर में सेट होने के लिए रख दें। जब आइसक्रीम अच्छे से जम जाए, तो इसे सर्विंग कप में निकालें और ऊपर से कुरकुरे काजू, बादाम या किशमिश डालकर ठंडी-ठंडी परोसें। ध्यान रखें कि बेहतरीन स्वाद के लिए इसे जरूरत से ज्यादा न जमाएं और इलायची पाउडर हमेशा मिश्रण के ठंडा होने के बाद ही मिलाएं।
