महज 2 दिन में 30% उछला यह सरकारी शेयर, घाटे से मुनाफे में आते ही कंपनी ने तय किया 1500 करोड़ का टारगेट

Follow Us

नई दिल्ली। आज शेयर बाजार के निवेशकों के लिए शिपिंग सेक्टर की सरकारी कंपनी ‘ड्रेजिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया’ (DCI) इन दिनों मुनाफे का बड़ा जरिया बन गई है। कंपनी के शेयरों में पिछले दो दिनों के भीतर 30 प्रतिशत की तूफानी तेजी आई है। बुधवार को भी इस स्टॉक में 14 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई, जिससे इंट्राडे ट्रेड में यह 1,155 रुपये के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया। इस जबरदस्त उछाल के पीछे कंपनी के शानदार तिमाही नतीजे हैं, जिसमें कंपनी घाटे से उबरकर बंपर मुनाफे में लौट आई है।

चौथी तिमाही के नतीजों के मुताबिक, ड्रेजिंग कॉरपोरेशन ने 87 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया है, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 25 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 73.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 276 करोड़ से बढ़कर 478 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी का ऑपरेटिंग मुनाफा (EBITDA) भी 33 करोड़ से उछलकर 143 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और इसका मार्जिन 12% से बढ़कर सीधे 30% हो गया है। इस दमदार प्रदर्शन के बाद मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,500 करोड़ रुपये के कुल रेवेन्यू का महा-लक्ष्य तय किया है।

नतीजों के साथ कंपनी ने अपनी एक पुरानी अकाउंटिंग गलती को भी सुधारा है। वित्त वर्ष 2024-25 में इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) से मिले 14.81 करोड़ रुपये के एडवांस और उसे सब-कॉन्ट्रैक्टर को देने के लेनदेन को गलती से रेवेन्यू और खर्च मान लिया गया था। कंपनी ने साफ किया कि इस सुधार से कुल रेवेन्यू और खर्च के आंकड़े तो दुरुस्त हुए हैं, लेकिन इससे कंपनी के मुनाफे पर कोई असर नहीं पड़ा है।