भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उड़ाई चेन , बारिश में निकली कलश यात्रा

Follow Us

भिलाई । अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी है। रविवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झपटने की करीब चार से पांच घटनाएं सामने आई हैं। घटना के बाद यात्रा में शामिल महिलाओं में भारी नाराजगी देखी गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, बोल बम एवं कल्याण समिति द्वारा सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा से पूर्व रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।

रायपुर में अलग-अलग मामलों में बैंक धोखाधड़ी, मोबाइल लूट, वाहन चोरी और शराब जब्ती की कार्रवाई

कलश यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से प्रारंभ होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा स्थल तक पहुंची। इसी दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। यात्रा में शामिल करीब चार से पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटे जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद महिलाओं में आक्रोश देखा गया। श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे। वहीं, लगातार हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।