रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही हलचल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन वाले बयान पर सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा हमला बोला है। सीएम साय ने दो टूक शब्दों में कहा कि संगठन में क्या करना है, यह देखना कांग्रेस का काम है, हमारा नहीं। लेकिन कांग्रेस चाहे जो भी पैंतरा आजमा ले, अब वह जनता का भरोसा कभी वापस नहीं जीत पाएगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी अब पूरे देश में लगातार सिमटती जा रही है। इन लोगों ने हमेशा जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है, यही वजह है कि आज देश की जनता का विश्वास इनसे पूरी तरह उठ चुका है।
छत्तीसगढ़ के पिछले राजनीतिक घटनाक्रमों की याद दिलाते हुए सीएम साय ने कहा कि साल 2018 में सूबे की जनता ने कांग्रेस को बड़ा जनादेश दिया था। लेकिन पांच सालों तक सत्ता में रहने के दौरान इन्होंने केवल प्रदेश को लूटने और जनता से छल करने का काम किया। इसी का खामियाजा कांग्रेस को 2023 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ा, जहाँ जनता ने इन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया। अब ये लोग कुछ भी कर लें, खोया हुआ विश्वास वापस नहीं पा सकते।
वहीं, एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष के घेराव पर मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के हालातों से पूरी दुनिया प्रभावित है और इसका असर कीमतों पर भी दिख रहा है। ऐसे संकट के समय में हम सभी को राजनीति से ऊपर उठकर टीम भावना के साथ अपने देश के हित में मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
