नई दिल्ली। देश की राजधानी में आज सियासी पारा सातवें आसमान पर रहने वाला है। केंद्र की एनडीए सरकार को चौतरफा घेरने के लिए करीब 2 साल बाद विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A’ की एक बड़ी बैठक दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने जा रही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, सरकार की नीतियों के खिलाफ इस बैठक में करीब 23 विपक्षी दल एकजुटता दिखाएंगे, जिसे उन्होंने ‘इंडिया जनबंधन’ का नाम दिया है। हालांकि, गठबंधन की इस सातवीं बैठक से पहले ही विपक्ष की एकजुटता में दरार साफ नजर आ रही है, क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) और डीएमके (DMK) जैसी बड़ी पार्टियों ने इस बैठक से पूरी तरह दूरी बना ली है।
एक तरफ जहाँ विपक्षी दल एकजुट होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी (TMC) पर अंदरूनी कलह और संभावित टूट का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी में विधायक दल के बाद अब संसदीय दल में बगावत की खबरें तेज हैं। बागी सांसद काकोली घोष कई अन्य टीएमसी सांसदों के साथ दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं, जिससे ममता बनर्जी की चिंताएं बढ़ गई हैं। ऐसे में आज होने वाली इस बैठक के एजेंडे से ज्यादा, सबकी नजरें विपक्षी गठबंधन के बिखरते कुनबे और टीएमसी के भविष्य पर टिकी हुई हैं।
