नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर एफ आई आर हो

Follow Us

चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर चांपा के द्वारा नीट पेपर लीक मामले में उप जिला मुख्यालय चांपा में प्रेसवार्ता आयोजित कर लाखों विद्यार्थियों के भविष्य की चिंता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस आज हम लाखों छात्रों की आवाज़ बनकर यहां खड़े हैं। राजस्थान में हुए पेपर लीक मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। वर्षों तक मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया है।

देश का युवा रोजगार चाहता है, निष्पक्ष परीक्षा चाहता है, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें सिर्फ निराशा, भ्रष्टाचार और पेपर लीक दे रही है। बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का विश्वास टूट रहा है और उनका भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। हम मांग करते हैं कि पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, छात्रों को न्याय मिले और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे भविष्य में किसी भी युवा के सपनों के साथ खिलवाड़ न हो।

इस संवेदनशील मामले में गलती की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री को लेना चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए और धर्मेंद्र प्रधान पर एफ आई आर होना चाहिए। हमारी लड़ाई किसी दल की नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।”

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील साधवानी ने इस पेपर लीक मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा देना चाहिए।

पार्षद अंजली देवांगन ने कहा कि युवाओ से जुड़ा मुद्दा है और युवा हमारे देश का भविष्य है। देश के लाखों गरीब परिवार का सपना छीनकर उनके बच्चों का हक छीना गया है, निश्चित ही आने वाला पीढ़ी इनको माफ नहीं करेगी।

पार्षद दुर्गा कुर्रे ने कहा नीट पेपर लीक मामला देश को शर्मशार करने वाली घटना है। आज भ्रष्टाचार इस कदर हावी हो गया है कि पैसों के लालच में आज भोले भाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री को इस मामले में तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।