जल जीवन मिशन से रायगढ़ के वनांचल ग्राम नूनदरहा में बदली तस्वीर, महिलाओं को पानी लाने की परेशानी से मिली मुक्ति

Follow Us

रायपुर। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की पहल से ग्रामीण परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो रही है। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के वनांचल ग्राम नूनदरहा में नल जल प्रदाय योजना से वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने में मदद मिली है। पहले गांव की महिलाओं को पानी जुटाने के लिए सुबह से ही मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब घर पर ही पानी मिलने से उन्हें राहत मिली है।

योजना लागू होने से पहले घरों के आसपास पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों को पीने का पानी लेने के लिए दूर जाना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता था। गर्मियों में पारंपरिक जल स्रोतों में पानी कम होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ जाती थी। गांव की शांति चौहान भी लंबे समय तक इस समस्या से जूझती रहीं। अब घर तक नल से पानी पहुंचने के बाद उन्हें पानी की व्यवस्था करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इससे उनके रोजमर्रा के काम आसान हुए हैं और परिवार को भी राहत मिली है।

तमनार विकासखंड का ग्राम नूनदरहा रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 47 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव में कुल 331 परिवार रहते हैं और यहां की आबादी 1,281 है। जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों को पानी लाने में लगने वाले समय और मेहनत से राहत मिली है। अब घरों में पानी उपलब्ध होने से खाना बनाने, बर्तन साफ करने और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे दैनिक कार्य भी आसानी से हो पा रहे हैं।

जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर ही नल के माध्यम से पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को पानी जुटाने के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर न रहना पड़े। नूनदरहा में योजना से आए बदलाव ने ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के लिए पानी की व्यवस्था को पहले की तुलना में आसान बनाया है।