रायपुर। भारतमाला परियोजना में सामने आए कथित घोटाले और चल रही जांच पर मंत्री टंकराम वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, चाहे वह अधिकारी हो या कोई जनप्रतिनिधि, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री वर्मा ने कहा कि, जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रायपुर में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को लेकर भी मंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, यह एक नियमित प्रक्रिया है, जिसमें विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाती है और भविष्य के लक्ष्य तय किए जाते हैं, ताकि प्रशासनिक कामकाज में गति और गुणवत्ता बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने 1 मई से शुरू होने वाले “सुशासन तिहार” को लेकर भी जानकारी दी।
यह कार्यक्रम एक महीने तक चलेगा और इसमें सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अधिकारी मौके पर ही शिकायतों का निपटारा करेंगे। अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि, सरकार सख्त कदम उठा रही है और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कमिश्नरी प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। DMF घोटाले पर उन्होंने कहा कि, जिन मामलों में भी अनियमितता मिलेगी, उनकी जांच जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का फोकस पूरी तरह पारदर्शिता और सुशासन पर है।
