मोतिहारी। जिले के पताही थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। परसौनी कपूर गांव में बेखौफ चोरों ने एक पूर्व शिक्षक और किसान के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी में नकदी, सोना-चांदी, कीमती सामान के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेज भी गायब बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्चा कुमार अपने पूरे परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि, बदमाशों ने एक-दो नहीं, बल्कि घर के छह कमरों के ताले तोड़े और अलमारी, बक्से व पेटियों को खंगाल डाला। घर में रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। पीड़ित के अनुसार जमीन से जुड़े जरूरी कागजात भी चोर अपने साथ ले गए हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है। घटना की जानकारी पड़ोसियों के जरिए परिवार को मिली।
घर लौटने पर पूरे मकान में बिखरा सामान और टूटे ताले देख परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश की जा रही है। एक ही वारदात में लाखों की चोरी और जमीन दस्तावेज गायब होने से क्षेत्र में दहशत है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
