बलौदाबाजार। बरनवापारा वन्यजीव अभयारण्य का गुरुवार को मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक गुरुनाथन एन ने दौरा कर विभिन्न प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान वन्यजीव संरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वाइल्ड बफेलो कंजर्वेशन सेंटर का भ्रमण किया गया, जहां जल संसाधनों को मजबूत करने, वैज्ञानिक विस्तार और एलीफेंट ट्रेंच प्रूफ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा रामपुर चारागाह क्षेत्र का निरीक्षण कर ब्लैकबक संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को घासभूमि विकास के लिए विस्तृत योजना बनाने, ग्रासलैंड वर्गीकरण रिपोर्ट तैयार करने, बांस बीज संग्रहण और सीड बॉल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाथियों की निगरानी से संबंधित रिपोर्ट और फ्लाइंग स्क्वॉड को और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अकलतरा ग्राम के ग्रामीणों के साथ बैठक कर विस्थापन, समस्याओं और वैकल्पिक आजीविका के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही गई।इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर, सुरक्षा संरक्षक कृषाणु चंद्राकर, शैक्षणिक सहायक वन संरक्षक गुलशन साहू सहित अन्य अधिकारी एवं वनकर्मी उपस्थित रहे।
बारनवापारा अभयारण्य का मुख्य वन संरक्षक ने किया निरीक्षण, वन्यजीव संरक्षण को लेकर दिए अहम निर्देश
